उमरिया , अगस्त 20 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नौरोजाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम हड़हा स्थित घोरछत्र नदी में करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार नदी के निचले हिस्से में शव दिखाई देने की सूचना मिलने पर नौरोजाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। लगातार बारिश के कारण घोरछत्र नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है, जिसके चलते घटनास्थल तक पहुंचने में भी कठिनाई हुई।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। आशंका है कि युवक की मौत नदी में डूबने से हुई होगी, हालांकि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं तथा मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित