नयी दिल्ली , जून 01 -- देश भर में पिछले कुछ दिनों में ज्यादातर स्थानों पर बारिश होने के बावजूद गर्मी का दौर जारी है और उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान वर्षाजनित घटनाओं में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गयी।

राष्ट्रीय राजधानी में तापमान में गिरावट आयी है, जिससे लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली। अधिकतर इलाकों में हालांकि तेज धूप रहने से लोग परेशान रहे। मौसम विभाग ने सोमवार को बारिश का 'यलो अलर्ट' जारी किया था।

इस बीच, मौसम विभाग ने केरल में जून के पहले सप्ताह में मानसून के पहुंचने का अनुमान जताया था, जबकि इससे पहले मई के अंतिम सप्ताह में केरल में मानसून के पहुंच जाने का अनुमान जताया था।

उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के हरपालपुर गांव में रविवार रात आये तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचायी। इस प्राकृतिक आपदा के दौरान एक घर की दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गयी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गयी। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों महिलाएं हरपालपुर गांव लौट रही थीं, तभी अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज आंधी-पानी शुरू हो गया। जैसे ही वे गांव के भीतर पहुंचीं, तभी तेज हवा के झोंके के कारण एक मकान की बाहरी दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गयी। दीवार गिरते ही दोनों महिलाएं मलबे के नीचे दब गयीं और चीख-पुकार मच गयी। शोर सुनकर मौके पर दौड़े ग्रामीणों ने आनन-फानन में भारी मशक्कत कर मलबे को हटाया और दोनों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जगरानी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सोमवती को प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल चिचौली के लिए रेफर कर दिया है।

राज्य के इटावा जिले में आये भीषण आंधी-तूफान के दौरान दीवार और मकान गिरने की अलग-अलग घटनाओं में एक आंगनबाड़ी कार्यककर्ता समेत दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गयी। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को राहत सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।मौसम विभाग ने पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों में तेज आंधी, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, मध्यम से भारी बारिश तथा कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। मिर्जापुर, संत रविदास नगर (भदोही), वाराणसी, बलिया, कौशाम्बी, रायबरेली, अमेठी, मऊ, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, अयोध्या, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, उन्नाव, लखनऊ और बाराबंकी समेत कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं, मेघगर्जन और मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान आये आंधी-तूफान से जनजीवन प्रभावित हुआ है। विभिन्न जिलों में पेड़ उखड़ने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने की रिपोर्टें मिली हैं।

मध्यप्रदेश में आंधी और बारिश के कारण मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के अनेक जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है, जबकि सतना सहित कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान खंडवा में 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हरियाणा में नौतपा के बावजूद मौसम सुहावना बना हुआ है एवं तीन जून तक बारिश होने के आसार है। राज्य में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि तीन जून तक तथा पांच और छह जून को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। चार जून को कुछ क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। बादल छाये रहने और बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने हालांकि अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। ऐसे में जून के पहले सप्ताह के अंत तक गर्मी फिर से असर दिखा सकती है। राजस्थान के सवाई माधोपुर में पिछले कुछ दिनों से गिरते तापमान के बीच सोमवार सुबह से लगी बारिश की झड़ी और ठंडी हवाओं से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। पिछले चार दिनों में यहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस था जो आज बारिश के बाद घटकर 36 डिग्री सेल्सियस रह गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह बारिश किसानों के लिए भी लाभदायक हो सकती है। इससे जमीन में नमी बढ़ेगी और खरीफ फसलों की तैयारी में मदद मिलेगी। बारिश के कारण पेड़-पौधों पर जमी धूल साफ हो गयी। इससे हरियाली और अधिक निखरकर सामने आयी है।

तेलंगाना में अगले सात दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस अवधि में राज्य भर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में राज्य में कई स्थानों पर बारिश हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित