नयी दिल्ली , सितंबर 03 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने मानसून की भारी बारिश के बाद राजधानी में जलभराव, टूटी सड़कों और गहरे गड्ढों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा और कहा कि निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति और सड़कों पर जलभराव से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों की जान को भी खतरा बना हुआ है।

श्री यादव ने कहा कि दिल्ली की बदहाली को व्यवस्थित करने में भाजपा सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है, ऐसे में 2047 मास्टर प्लान के तहत राजधानी को विश्वस्तरीय बनाने का दावा खोखला है। उन्होंने कहा कि सरकारी एजेंसियों में तालमेल की कमी के कारण दिल्ली का बुनियादी ढांचा बदहाल हो चुका है।उन्होंने दावा किया कि पीडब्ल्यूडी ने 445 हॉटस्पॉट की पहचान की है, जिसके कारण कई मार्गों पर यातायात रेंगता नजर आया और कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में एक से दो घंटे लग रहे हैं।

श्री यादव ने कहा कि आईटीओ, मथुरा रोड, लक्ष्मी नगर, अरबिंदो मार्ग और एमबी रोड समेत कई प्रमुख सड़कों की हालत खराब है। दिल्ली में स्वाइन फ्लू नियंत्रण से बाहर हो चुका है, जबकि डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया भी गंभीर रूप ले रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित