लखनऊ , सितंबर 3 -- ) उत्तर प्रदेश सरकार ने बारिश के दौरान शहरों में नागरिक सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए निगरानी तेज कर दी है। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

नगर विकास मंत्री ने नालों और छोटी नालियों की सफाई पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बारिश के दौरान जलभराव के प्रमुख कारणों में नालों और छोटी नालियों का अवरुद्ध होना भी शामिल है। इसलिए सभी नगरीय निकायों में नालों और छोटी नालियों की सफाई पूरी गंभीरता के साथ कराई जाए।

सफाई के बाद निकली सिल्ट और कचरे का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वह दोबारा नालियों में न पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में हर वर्ष जलभराव की समस्या सामने आती है, उन्हें चिह्नित कर वहां प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने पेयजल आपूर्ति की भी समीक्षा की और बारिश के मौसम में पेयजल की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।

एके शर्मा ने आगामी त्योहारों को देखते हुए भी नगरीय व्यवस्थाओं को पहले से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शहरों में लोगों की आवाजाही और भीड़ बढ़ जाती है।

ऐसे में सफाई, जल निकासी, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य नागरिक सुविधाओं को पहले से बेहतर स्थिति में रखा जाए। धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता सुनिश्चित करने के साथ आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित