पटना , सितंबर 15 -- टना में मंगलवार सुबह हुई बारिश के दौरान जलजमाव की संभावित स्थिति से निपटने के लिए पटना नगर निगम की टीमें पूरी तरह सक्रिय रहीं। नगर आयुक्त यशपाल मीणा की निगरानी में बारिश के दौरान संवेदनशील एवं जलजमाव संभावित क्षेत्रों में तत्काल जलनिकासी की कार्रवाई की गई।

बारिश शुरू होते ही विभिन्न क्षेत्रों में पूर्व से अधिष्ठापित पंपों को सक्रिय कर दिया गया। वहीं, जहां अतिरिक्त आवश्यकता हुई, वहां 10 एचपी के पंप, सक्शन मशीन एवं सुपर सकर मशीन तत्काल तैनात कर जलनिकासी सुनिश्चित की गई। इसके परिणामस्वरूप अधिकांश जलजमाव संभावित क्षेत्रों में बारिश थमने के 30 से 45 मिनट के भीतर जलनिकासी कर ली गई।

लस्सी गली, चंद्रकला गली, वीर कुंवर सिंह पार्क, पटेल गोलंबर, करबिगहिया, राजेंद्र नगर टर्मिनल, खेतान मार्केट, मैक-डोवल गोलंबर, मथनीतल एवं गुरु गोविंद सिंह पथ सहित अन्य संवेदनशील स्थलों पर आवश्यकता के अनुसार पंप एवं मशीनरी का उपयोग किया गया। बारिश के दौरान ही इनका संचालन प्रारंभ कर दिया गया जिसके फलस्वरूप इन सभी क्षेत्रों से लगभग आधे घंटे के भीतर जलनिकासी कर ली गई। करबिगहिया में सुपर सकर मशीन के माध्यम से जलनिकासी कर बारिश थमने के दो घंटे के भीतर क्षेत्र को जलजमाव मुक्त कर दिया गया।

पुराना सचिवालय, एयरपोर्ट एवं विधानसभा परिसर जैसे संवेदनशील परिसरों में पूर्व से अधिष्ठापित पंपों को बारिश शुरू होते ही चालू कर दिया गया। समय पर पंप संचालन के कारण इन क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

एलएनजेपी अस्पताल परिसर में भी आवश्यकता के अनुसार पंप लगाकर जलनिकासी की गई। वहीं, अजीमाबाद सहित कई क्षेत्रों में बारिश के बावजूद जलजमाव की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

पटना नगर निगम द्वारा बारिश के दौरान फील्ड टीमों, पंप एवं जलनिकासी मशीनरी को अलर्ट मोड में रखा गया, जिससे जलजमाव की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित