संभल, सितंबर 27 -- उत्तर प्रदेश में संभल जिले के चंदौसी क्षेत्र में भारी बारिश के कारण गिरी मकान की छत के मलबे में दबकर एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।
जिले में तीस घंटे से अधिक समय से लगातार हो रही बारिश के कारण तहसील चंदौसी के अंतर्गत के ग्राम गोपालपुर में रविवार को सोमवती (70) के मकान की छत भरभराकर कर गिर गई। छत गिरने की तेज आवाज सुनकर सोमवती के भतीजे आदि व अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे में दबी सोमवती को काफी मशक्कत के बाद मलबे से बाहर निकला। मलबे में दबने से घायल हुई सोमवती को परिजन, चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने सोमवती को मृत घोषित कर दिया।
सोमवती निसंतान थी तथा पति की मौत हो जाने के कारण पिछले लगभग 20 वर्षों से अपने मायके गोपालपुर में रह रही थी। हादसे की सूचना मिलने पर एसडीम एवं अन्य तहसील कर्मी व पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित