अंबिकापुर/लखनपुर , जुलाई 24 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लखनपुर स्थित एसईसीएल की अमेरा कोल खदान में लगातार बारिश और सड़क की खराब स्थिति के कारण कोयला उत्पादन एवं परिवहन गंभीर रूप से प्रभावित हो गया है। जलभराव और मार्ग की दुर्दशा के चलते ट्रक खदान तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे निर्धारित उत्पादन और आपूर्ति पर प्रतिकूल असर पड़ा है।

गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार खदान से प्रतिदिन करीब 4000 टन कोयला आपूर्ति का लक्ष्य निर्धारित है लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में केवल 300 से 400 टन प्रतिदिन ही कोयला भेजा जा रहा है। उत्पादन और परिवहन में आई इस गिरावट से एसईसीएल के साथ-साथ ट्रांसपोर्टरों को भी प्रतिदिन लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

बताया गया कि खदान तक पहुंचने वाली सड़क का निर्माण बरसात शुरू होने से पहले पूरा होना था लेकिन कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका। इसके कारण बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो गई तथा भारी वाहनों की आवाजाही लगभग ठप हो गई है।

सूत्रों के अनुसार अमेरा कोल खदान का करीब छह महीने पहले ग्रामीणों के विरोध के बावजूद विस्तार किया गया था। जिसके बाद उत्पादन शुरू हुआ लेकिन बारिश के दौरान खदान में जलभराव और पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से उत्पादन प्रभावित हो गया।

कोयला लदान की धीमी गति के कारण ट्रकों को कई-कई दिनों तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। खदान के बाहर लगभग चार किलोमीटर लंबी ट्रकों की कतार लगने से परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। ट्रक मालिकों ने आरोप लगाया है कि खदान परिसर में पार्किंग के नाम पर प्रति ट्रक 500 रुपये की अवैध वसूली की जा रही है, जिससे ट्रांसपोर्टरों में नाराजगी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित