संभल, अक्टूबर 09 -- उत्तर प्रदेश में संभल जिले के असमोली क्षेत्र में बारिश और तेज हवा के कारण गिरे पेड़ के नीचे दबकर ई रिक्शा चालक की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि थाना व ग्राम असमोली के निवासी रामचंद्र सिंह का पुत्र भोलू सिंह (50) ई रिक्शा चलाता था। शुक्रवार दोपहर के समय तेज हवा के साथ आई बारिश से बचने के लिए भोलू सिंह असमोली गांव के धर्मशाला अड्डे पर एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया, इसी दौरान अचानक से पेड़ टूटकर ई रिक्शा के ऊपर गिर गया।

पेड़ के टूट कर गिरने से भोलू सिंह ई रिक्शा सहित पेड़ के नीचे दब गया। भोलू सिंह को पेड़ के नीचे दबा देखकर मौके पर नागरिकों की भीड़ इकट्ठा हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तीन जेसीबी और हाइड्रा की मदद से भोलू सिंह को पेड़ के नीचे से निकलवाया और उसको चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित