भरतपुर , अप्रैल 05 -- राजस्थान में भरतपुर सम्भाग के पाँचों जिलों में पिछले दो दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के चलते हुई बारिश और ओलावृष्टि से रविवार को भी तबाही जारी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संभाग के कई हिस्सों में रविवार तड़के हुई बारिश एवं ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़कर रख दी है। भरतपुर, डीग, करौली, धौलपुर एवं सवाई माधोपुर में शुक्रवार एवं शनिवार से बदले मौसम के मिजाज से किसानों को खेतों एवं अनाज मंडियों में भारी नुकसान हुआ है। इससे पीड़ित और आक्रोशित किसान जगह जगह विरोध प्रदर्शन करके सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
किसानों ने आरोप लगाया कि कृषि उपज मंडियों में पर्याप्त बजट के बावजूद आपदा के समय उनकी फसल की सुरक्षा के लिए तिरपाल उपलब्ध नहीं कराये जाने से पिछले दो दिनों में उनकी लाखों रुपये की फसल बारिश एवं ओलावृष्टि से भीग कर नष्ट हो चुकी है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार रात और शनिवार रात को आए तेज अंधड़, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से संभाग के किसानों का भारी नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी और कटी फसल बर्बाद होने से किसान चिंता में डूबे हैं। कई जगह गेहूं की फसल गिर गई तो कहीं ओलों की मार से दाने झड़ गए।
भरतपुर एवं डीग जिलों में रविवार सुबह घने बादलों की गड़गड़ाहट के साथ शुरू हुई बारिश और ओलावृष्टि करीब 20 मिनट तक चली जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित