चंडीगढ , मार्च 19 -- पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में हुई ताजा हिमपात के कारण मौसम ने अचानक करवट बदली है। लोगों को मार्च के महीने में एक बार फिर जनवरी जैसी सर्दी महसूस की जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में करीब 3.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे यह सामान्य से 4.1 डिग्री नीचे पहुंच गया है। ठंडी हवाओं और बादलों की वजह से दिन और रात दोनों के तापमान में कमी आई है।

मौसम विभाग ने आज से अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि होने के आसार जताये हैं। पटियाला में अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है।

राज्य के पांच जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित