श्रीनगर , अक्टूबर 22 -- सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में आतंकवादियों के दो संदिग्ध सहयोगियों को गिरफ्तार कर उनके पास से कुल 22.5 किलोग्राम वजन के दो विस्फोटक उपकरण (आईईडी), एक पिस्तौल और गोला-बारूद बरामद किया है।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि बारामूला पुलिस ने विश्वसनीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर सेना की 52 राष्ट्रीय राइफल्स के साथ संयुक्त अभियान चलाकर डेलिना के दरपुरा नर्सरी इलाके से दोनों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोपोर के चिंकीपोरा निवासी ताहिर अहमद मलिक और वसीम सुल्तान बेग के रूप में हुई है। बरामद सामग्री में तुर्की निर्मित कैनिक पिस्तौल, 10 कारतूस वाली एक मैगजीन, करीब 15 किलोग्राम और 7.5 किलोग्राम वजन के दो आईईडी, एक स्कूटी और 6,500 रुपये नकद शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों कथित तौर पर आतंकवादियों के ओवरग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) के रूप में काम करते थे। उन पर आतंकवादी गतिविधियों में शामिल लोगों तक हथियारों और विस्फोटकों की आवाजाही तथा आपूर्ति में मदद करने की आशंका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित