पुणे , मई 04 -- महाराष्ट्र में राहुरी विधानसभा उपचुनाव में सोमवार को मतगणना के नौवें चरण के अंत तक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार अक्षय करदिले 37,254 वोटों से आगे चल रहे हैं, जबकि राज्य की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को बारामती सीट पर हुए उपचुनाव में 78,528 वोट मिले हैं और वे जीत की ओर तेजी से बढ़ रही हैं।

प्रशासन ने मतगणना के लिए 20 टेबल लगाई हैं और मतगणना कुल 27 चरणों में पूरी होगी। इस क्षेत्र में कुल 56.20 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतगणना केंद्र के बाहर कड़ी सुरक्षा की गई है और पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई है। बढ़ती बढ़त के साथ श्री करदिले के समर्थक जश्न मनाने की तैयारी में जुट गए हैं, जबकि एनसीपी (शरद पवार) के उम्मीदवार गोविंद मोकाटे पिछड़ रहे हैं।

पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के असामयिक निधन के कारण हुए बारामती विधानसभा उपचुनाव का परिणाम स्पष्ट होता जा रहा है। मतगणना के नौवें चरण के अंत तक, उनकी पत्नी और राज्य की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को 78,528 वोट मिले है और वे जीत की ओर अग्रसर है।

गौरतलब है और ऐसा प्रतीत होता है कि यहां के मतदाताओं ने विपक्षी उम्मीदवारों को पूरी तरह से नकार दिया है।

इस चुनाव में, जाने-माने उम्मीदवार अभिजीत बिचुकले और करुणा शर्मा को मतदाताओं ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि 'एनओटीए)' (उपरोक्त में से कोई नहीं) विकल्प को इन दोनों उम्मीदवारों के कुल वोटों से भी अधिक वोट मिले हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित