मुंबई , फरवरी 25 -- महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सुनेत्रा पवार बारामती विधानसभा सीट का उपचुनाव लड़ेंगी। यह निर्णय राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की कोर समिति की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, राकांपा उपचुनाव को निर्विरोध कराने की भी कोशिश करेगी। बारामती विधानसभा क्षेत्र की मसौदा मतदाता सूची 10 मार्च को प्रकाशित की जाएगी, जिसके बाद कभी भी चुनाव की घोषणा की जा सकती है।

संवैधानिक प्रावधानों के तहत कोई व्यक्ति विधायक या विधान परिषद सदस्य बने बिना भी मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया जा सकता है, लेकिन पद पर बने रहने के लिए छह महीने के भीतर राज्य विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना अनिवार्य होता है। अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री का दायित्व संभाला था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित