बारामती , सितंबर 29 -- महाराष्ट्र में पुणे जिले के बारामती तालुका के शेरेवाड़ी गांव में दो महिलाओं की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गयी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह घटना मंगलवार की सुबह सामने आयी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

शुरुआती जानकारी के अनुसार दोनों महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। उनके गले पर गंभीर चोटें आयी और उनकी मौत हो गयी। उनकी पहचान कृष्णाबाई लाडकत और इंदुमती लाडकत के तौर पर हुई है।

पुलिस की एक टीम ने घटनास्थल का शुरुआती मुआयना किया और सबूत इकट्ठा करना शुरू कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस दोहरे हत्याकांड के पीछे की वजह अभी साफ नहीं है। पुलिस निजी विवाद या पुरानी दुश्मनी समेत कई संभावनाओं की जांच कर रही है और दूसरे पहलुओं पर भी गौर कर रही है। जांच के तहत स्थानीय निवासियों और पीड़ितों के परिचितों के बयान दर्ज किये जा रहे हैं।

पुलिस हमलावर या हमलावरों की पहचान करने के लिए इलाके से मिले सबूतों और अन्य सुरागों की भी जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित