बारामती , अक्टूबर 03 -- महाराष्ट्र में बारामती के सूखा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के दौरान जवळजुन गांव में एक किसान ने शनिवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) अध्यक्ष शरद पवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लेटरहेड पर ज्ञापन सौंपा, जिसके बाद श्री पवार ने किसान से मजाकिया लहजे में बात की , तो लोग हंस पड़े।

श्री पवार इन दिनों गांवों का दौरा कर रहे हैं और खेतों में किसानों से मिलकर पानी, चारे, फसलों और कृषि ऋण से जुड़ी उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। जवळजुन में बातचीत के दौरान एक किसान ने श्री पवार के प्रति अपने परिवार की लंबे समय की वफादारी का जिक्र किया। किसान ने कहा कि उसके पिता उसे बारामती ले जाया करते थे और कहते थे कि अगर उनका सीना चीर दिया जाए तो उसके अंदर भी सिर्फ 'साहेब' ही दिखाई देंगे। इस बात पर वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजायी।

श्री पवार ने हालांकि उसी किसान की ओर से सौंपे गये ज्ञापन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का लेटरहेड और पार्टी का कमल का चुनाव चिह्न देखकर मजाकिया अंदाज में सवाल किया। उन्होंने मुस्कुराते हुए ज्ञापन उठाया और पूछा, "फिर यह क्या है?" इस पर वहां मौजूद लोगों में हंसी छूट गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित