नयी दिल्ली , मार्च 18 -- केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग-927 पर बाराबंकी से बहराइच के बीच हिस्से को चार लेन का बनाने का निर्णय लिया है जिस पर 6969.04 करोड़ रुपये की लागत आयेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति की आज यहां हुयी बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी।

बाराबंकी से बहराइच के बीच के 101.5 किलोमीटर के हिस्से को चार लेन का बनाया जायेगा जिससे इन जिलों के शहरी क्षेत्रों में भीड़भाड़ की समस्या का समाधान होगा। इस पर6969.04 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह परियोजना प्रमुख बस्तियां को बाईपास करेगी, औसत यात्रा गति बढ़ाएगी, यात्रा के मौजूदा समय को लगभग एक घंटे तक कम करेगी। इससे समग्र सड़क सुरक्षा, ईंधन दक्षता और वाहन परिचालन लागत में सुधार आयेगा और क्षेत्रीय गतिशीलता और सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

परियोजना पूरी होने पर, नेपालगंज सीमा के माध्यम से भारत और नेपाल के बीच एक महत्वपूर्ण सीमा पार व्यापार और पारगमन गलियारे के रूप में काम करेगी। इससे रूपईडीहा लैंड पोर्ट तक पहुंचने में आसानी होगी।

इससे बहराइच और श्रावस्ती जिलों का संपर्क बढ़ेगा और कृषि व्यापार, पर्यटन, सीमा पार वाणिज्य और क्षेत्रीय निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित