बाराबंकी , सितंबर 26 -- बाराबंकी जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच तीन अलग-अलग हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सीतापुर के मानापुर मुर्तजा नगर गांव निवासी संजय वर्मा (35) को दूध बेचकर बाइक से घर लौट रहे। बेलहरा के झबरापुर गांव के पास विशाल पेड़ उनकी बाइक पर आ गिरा, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। एक अन्य घटना में रामसनेहीघाट तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत मऊ के गढ़ी गांव में तेज बारिश के दौरान इमली का विशाल पेड़ छप्पर पर गिर गया। हादसे में घायल 80 वर्षीय लाल बहादुर वर्मा की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनके भतीजे परमानंद वर्मा (52) और शिवप्रसाद वर्मा (58) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।
तीसरी घटना रामनगर तहसील क्षेत्र के सरदारगंज गांव में कच्ची दीवार ढहने से महिला की मौत हो गई। सुनीता (36) घर जा रही थीं, तभी रास्ते में बनी दीवार गिर गई और वह मलबे में दब गईं। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित