बाराबंकी , मई 15 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के सफदरगंज थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जिंदा जलकर मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी अनूप कुमार की पत्नी गीता देवी (45) की घर के कमरे में जलने से मौत हो गई। उनका शव कमरे में जली हुई अवस्था में मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार गीता देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और उनका इलाज चल रहा था। घटना के समय वह घर में अकेली थीं। बताया गया कि अचानक घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था।

ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक महिला की जलकर मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित