बाराबंकी , मार्च 28 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मामूली कहासुनी के दौरान एक युवक की धारदार हथियार से सिर काटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि घटना थाना टिकैतनगर क्षेत्र के ग्राम परसवाल के पास की है। मृतक की पहचान बबलू (21) के रूप में हुई है, जो साइकिल से बर्फ बेचकर अपना जीवन यापन करता था। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बबलू का गांव के ही शंकर नामक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोपी शंकर ने गुस्से में आकर बबलू पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमला इतना गंभीर था कि बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वार की तीव्रता के कारण उसका सिर धड़ से अलग हो गया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आरोपी शंकर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित