बाराबंकी , अक्टूबर 26 -- 'जो रब है वही राम की दुनिया' का संदेश देने वाले हाजी वारिस अली शाह के पिता की याद में लगने वाला ऐतिहासिक,सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान के प्रतीक देवा मेला एवं प्रदर्शनी-2026 का आयोजन आगामी 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक किया जाएगा। देवा मेला एवं प्रदर्शनी समिति के अध्यक्ष एवं जिला अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि सूफी संत हाजी वारिस अली शाह की पावन नगरी देवा में आयोजित होने वाला यह ऐतिहासिक मेला गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी सौहार्द, भाईचारे और आध्यात्मिक आस्था का प्रतीक है। दस दिवसीय मेले में धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ लोक संस्कृति, संगीत, साहित्य, खेलकूद और मनोरंजन से जुड़ी विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मेले का उद्देश्य जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव एवं सांस्कृतिक एकता के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मेले के दौरान प्रतिदिन विविध सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 28 अक्टूबर को इंडियन आइडल फेम मोहम्मद दानिश की म्यूजिकल नाइट, 29 अक्टूबर को चादर अर्पण, स्थानीय कलाकारों की कव्वाली एवं सीरतुन्नबी, 30 अक्टूबर को भजन संध्या और मानस कार्यक्रम आयोजित होंगे। 31 अक्टूबर को स्वर झंकार, गजल नाइट में अविनाश मिश्रा एवं सूफी ख्याल बैंड की प्रस्तुति दर्शकों को आकर्षित करेगी। 1 नवंबर को रंग-ए-झूम एवं कबीर कैफे बैंड के साथ सूफी नाइट, 2 नवंबर को मुशायरा, 3 नवंबर को 'धरोहर और गूंज' कार्यक्रम एवं कवि सम्मेलन तथा 4 नवंबर को 'परिधान-ए-अवध' फैशन शो के साथ प्रख्यात बॉलीवुड गायक जावेद अली की मेगा नाइट का आयोजन किया जाएगा।
मेले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए हॉकी, कबड्डी, दंगल, वॉलीबॉल, क्रिकेट एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त वाद-विवाद, निबंध, मेहंदी, चित्रकला, रंगोली एवं बेबी-शो जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों, युवाओं और अन्य प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। पांच नवंबर को इको-फ्रेंडली आतिशबाजी के साथ मेले का समापन होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि देवा मेले में आने वाले जायरीन, श्रद्धालुओं और अन्य आगंतुकों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित