बाराबंकी , सितंबर 1 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के रामनगर क्षेत्र मेंं मंगलवारको बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर डीसीएम को ओवरटेक करते वक्त तेज रफ्तार दो रोडवेज की बस की आमने-सामने टक्कर हो जाने से पांच साल के मासूम की मौत हो गई जबकि परिचालक सहित दोनों बसों में सवार 15 अन्य यात्री घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के थाना रामनगर अंतर्गत, बाराबंकी बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामनगर निवासी पूजा (26) मंगलवार सुबह अपने बेटे आर्यन (5) व सात महीने की मासूम बेटी के साथ दवाई लेने जिला अस्पताल गई थी। वह बाराबंकी डिपो की अनुबंधित बस से घर वापस लौट रही थी। उनके साथ बस में करीब 35 लोग सवार थे। तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश के बीच दलसराय गांव के पास ओवरटेक के चक्कर में अनुबंधित बस सामने से आ रही कैसरबाग डिपो की रोडवेज बस से टकरा गई।
दोनों बसों की टक्कर इतनी भीषण थी कि बसों में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। हादसा देख आसपास के लोगों ने राहत बचाव कार्य शुरू किया। रामनगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कई एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। कुछ घायलों को बड़ागांव की सीएचसी भी भेजा गया जहां आर्यन (5) की मौत हो गई जबकि मां पूजा को मामूली चोटें आईं। वहीं बस में सवार लखनऊ के राजेश जायसवाल (57), वंदना (30), देवा के सुफिया (40), शिवम (26) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित