बाराबंकी , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सफदरगंज थाने के लॉकअप से दो आरोपी फरार हो गए। दोनों को पुलिस ने गांजा बरामदगी के मामले में गिरफ्तार किया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना सफदरगंज पुलिस ने शुक्रवार रात एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें थाने लाकर लॉकअप में बंद कर दिया गया। शनिवार सुबह पुलिस निगरानी में चूक का लाभ उठाकर दोनों आरोपी लॉकअप से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है तथा संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लॉकअप से फरारी की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित