बाराबंकी , अक्टूबर 10 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के सफदरगंज क्षेत्र में हाईवे पर शुक्रवार देर रात चलती कार में आग लगने से चालक की जिंदा जल कर मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सफदरगंज क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर रात अचानक चलती कार में आग लग गई जिससे चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग बुझने के बाद कार के अवशेष में कुछ हड्डियां ही बची थीं। मौके की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही थी कि चालक ने बाहर निकलने के लिए दरवाजे खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका।
मृतक की पहचान सफदरगंज के नोहरी का पुरवा निवासी राम वर्मा के पुत्र प्रदीप कुमार वर्मा के रूप में हुई। कार उनकी पत्नी राधापति के नाम पर पंजी कृत बताई गई है। प्रदीप ने करीब चार माह पूर्व ही कार खरीदी थी और टैक्सी में चलते थे। ग्रामीण की सूचना पर सुबह पुलिस और दमकल टीम पहुंची।
ग्रामीणों के अनुसार रात लगभग 1:30 बजे आसपास के गांवों के लोगों ने रात में टायर फटने की आवाज और आग की रोशनी देखी थी। सुबह करीब 5:15 बजे ग्रामीणों ने मौके पर जाकर देखा तो कार पूरी तरह जल चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों और चालक के बाहर नहीं निकल पाने की परिस्थितियों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित