बाराबंकी , जून 24 -- बाराबंकी जिले के लोनी कटरा क्षेत्र में बुधवार को गोमती नदी में नहाने गए दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय गोताखोरों ने पहले छोटे भाई को बाहर निकाला। उसे गंभीर अवस्था में सीएचसी हैदरगढ़ भेजा गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं बड़े भाई का शव डूबने के करीब 40 मिनट बाद बरामद हुआ। पुलिस सूत्रों ने बताया कि लोनीकटरा के गांव बुधनापुर निवासी अशोक कुमार पांडेय के पुत्र गजेंद्र उर्फ हनी (14) व देवेंद्र उर्फ हैप्पी (18) अपने चचेरे भाई मनू पांडेय (12) व साथी आदर्श पाल (14) के साथ आज सुबह अवसानेश्वर धाम दर्शन करने आए थे। गोमती में स्नान के दौरान छोटे भाई हनी को डूबता देख बचाने आगे बढ़ा हैप्पी भी डूब गया।

हनी को कुछ ही देर में गोताखोरों ने बाहर निकाल लिया लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, बड़े भाई का शव देर से बरामद हुआ। दोनों भाईयों में बड़ा आईटीआई व छोटा कक्षा आठ का छात्र था। दोनों बाराबंकी शहर में रहकर पढ़ाई रहते थे दोनों मंगलवार शाम घर आए थे।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार अशोक के कुल तीन संतानों में एक बेटी का विवाह तीन साल पहले हो चुका है। पत्नी की पहले मौत हो चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित