बाराबंकी , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रुप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसा लोनी कटरा थाना क्षेत्र के रेलवे ब्रिज के पास हुआ। हादसे में मयंक वर्मा (30) की मौत हुई है। जबकि, साथी शुभम वर्मा (34) घायल हैं। दोनों मकनपुर गांव के रहने वाले थे। बताया गया कि मयंक साथी शुभम बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिवेदीगंज पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने मयंक वर्मा को मृत घोषित कर दिया।

शुभम की हालत नाजुक देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित