बाराबंकी , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी के असदामऊ क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर एक बच्चे की मृत्यु हो गयी जबकि तीन अन्य गंभीर रुप से घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शहर के सोमैयानगर निवासी राजीव कुमार अवस्थी कार से बाराबंकी से कोठी की ओर जा रहे थे। असदामऊ गांव के पास कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पीपल के पेड़ के चबूतरे पर खेल रहे चार बच्चों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सीमेंट से बना पक्का चबूतरा भी टूट गया। हादसे में श्रवण यादव का नौ वर्षीय बेटा आयुष, अमरेश यादव का 11 वर्षीय बेटा रौनक, रामकैलाश का आठ वर्षीय बेटा अंश और रामकल्याण का 11 वर्षीय बेटा रौनक घायल हुए। कार चालक राजीव कुमार अवस्थी को भी चोटें आईं।

पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में अंश, रौनक और कार चालक राजीव कुमार को जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर किया गया। जहां डॉक्टरों ने तीनों को लखनऊ के ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान रामकल्याण के बेटे रौनक ने दम तोड़ दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित