मुंगेली , मार्च 23 -- छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब शादी समारोह से लौट रही एक एसयूवी कार में अचानक आग लग गई। वाहन में सवार दूल्हा-दुल्हन सहित सात लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के खाती गांव से बारात मुंगेली के मोहतरा पहुंची थी, जहां रात में विवाह कार्यक्रम संपन्न हुआ। सोमवार सुबह विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन अपने परिजनों के साथ कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चालक को वाहन से धुआं उठता दिखाई दिया।

स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी रोकी। जैसे ही सभी लोग बाहर निकले, आग ने तेजी से वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई और अंदर घना धुआं भर गया, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल का एक वाहन मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह खाक हो चुका था।

गनीमत रही कि सभी सवार सुरक्षित बाहर निकल गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है, जिसकी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित