बारां , अप्रैल 05 -- राजस्थान में बारां में समाज के लिए प्रेरणादायक पहल करते हुए कोटा निवासी सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक सुबोध कुमार रघुवंशी की पार्थिव देह मेडिकल छात्रों के अध्ययन के लिये दान कर दी गई।

रविवार को उनकी देह बारां स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज को सौंप दी गई, जहां मेडिकल छात्र इसका उपयोग प्रायोगिक अध्ययन (एनाटॉमी) के लिए करेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज में यह दूसरा देहदान है, जिससे मेडिकल शिक्षा को महत्वपूर्ण सहयोग मिला है। देहदान को चिकित्सा शिक्षा में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इसके माध्यम से छात्र मानव शरीर की संरचना को बेहतर ढंग से समझ पाते हैं और भविष्य में बेहतर चिकित्सक बनने की दिशा में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं।

कॉलेज प्रशासन के अनुसार दिवंगत रघुवंशी ने जीवनकाल में ही देहदान का संकल्प लिया था। उनके निधन के बाद परिजनों ने उनकी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए पार्थिव देह मेडिकल कॉलेज बारां को सौंप दी। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, चिकित्सकों और स्टाफ ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों के इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।

उन्होंने कहा कि इस तरह के देहदान से चिकित्सा शिक्षा को मजबूती मिलती है और भविष्य के चिकित्सकों को बेहतर प्रशिक्षण मिल पाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित