बारां , सितम्बर 24 -- राजस्थान में बारां जिले में चल रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 ने अब जन-आंदोलन का रूप ले लिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि अभियान के तहत पिछले दो दिनों में शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े संस्थानों पर विशेष ध्यान दिया गया। इन दो दिनों में स्वच्छता अभियान के तहत जिले के 599 विद्यालय परिसरों और खेल मैदानों की 1653 श्रमिकों द्वारा गहन सफाई की गई। विद्यालयों में वर्षों से जमा कचरा, झाड़ियां और प्लास्टिक कचरा जेसीबी एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली से हटाया गया। इसके साथ ही 399 आंगनबाड़ी भवनों और राजकीय छात्रावासों में भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जहां बच्चों के बैठने, सोने और रसोई स्थलों को पूरी तरह कीटाणु मुक्त किया गया।
जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने बताया कि अभियान के आगामी चरण में 25 एवं 26 सितम्बर को शेष विद्यालयों, स्वास्थ्य केन्द्रों, उप केंद्र, पटवार घर, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं राजकीय कार्यालयों में सफाई करवाई जाएगी। साथ ही एकल इस्तेमाल प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में भामाशाहों के सहयोग से कपड़े के थैलों का वितरण किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित