बारां , जुलाई 28 -- राजस्थान में बारां में कोटा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशानुसार चलाए गए दो दिवसीय 'एरिया डोमिनेशन अभियान' के तहत पुलिस ने जिलेभर में व्यापक कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में वांछित 149 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने मंगलवार को बताया कि अभियान के दौरान 108 पुलिस दलों के कुल 381 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिले के 346 स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई में गंभीर अपराधों जैसे हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, शस्त्र अधिनियम, मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम एवं अन्य मामलों में वांछित चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा सात स्थायी वारंटी, उद्घोषित अपराधी एवं वारंटी, एक इनामी अपराधी, 29 सामान्य मामलों में वांछित आरोपी और धारा 170 के तहत 108 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार कुल 149 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की गई।

गौरतलब है कि एरिया डोमिनेशन अभियान का अर्थ है किसी संवेदनशील या प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार गश्त, तलाशी और निगरानी कर अपनी मौजूदगी मजबूत करना, ताकि अपराधियों, उग्रवादियों या नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके और क्षेत्र में सुरक्षा व कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित