बारां , जुलाई 07 -- राजस्थान के नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के मंगलवार को बारां दौरे के दौरान शहर में कुछ लोगों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए स्थानीय समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया। श्री खर्रा के आगमन से पहले अज्ञात लोगों द्वारा शहर के व्यस्ततम प्रताप चौक पर एक फ्लेक्स होर्डिंग लगाया गया, जिसमें शहर की जर्जर और बदहाल सड़कों को मुद्दा बनाते हुए व्यंग्यात्मक अंदाज में उनका "स्वागत" किया गया। होर्डिंग पर लिखा था, "बारां की बदहाल सड़कों पर आपका स्वागत एवं अभिनंदन, सड़कों की खराब हालत से जनता बेहाल।"उल्लेखनीय है कि प्रताप चौक शहर का प्रमुख और व्यस्त मार्ग होने के कारण यह होर्डिंग राहगीरों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। वहां से गुजरने वाले लोग रुककर इसे पढ़ते नजर आए और कई लोगों ने शहर की सड़कों की स्थिति पर नाराजगी भी जतायी।
कुछ लोगों ने इसे जनभावनाओं की अभिव्यक्ति बताते हुए स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग की।
शहरवासियों का कहना है कि लंबे समय से कई प्रमुख मार्गों की हालत खराब बनी हुई है, जिससे आमजन और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में मंत्री के दौरे से पहले लगाये गये इस होर्डिंग को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित