बारां , जुलाई 21 -- राजस्थान के बारां शहर में मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ घंटे तक हुई जोरदार बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी, वहीं शहर की जल निकासी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति भी उजागर कर दी।

बारिश के दौरान कई प्रमुख बाजारों, सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे आमजन और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पिछले कई दिनों से जिले में तेज गर्मी और उमस के कारण लोग बेहाल थे। मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली और घने बादलों के बीच शुरू हुई बारिश ने देखते ही देखते मूसलाधार बारिश का रूप ले लिया। करीब डेढ़ घंटे तक लगातार हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गयी।

दूसरी ओर बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की कमजोरियों को भी उजागर कर दिया। शहर के कई प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और निचले इलाकों में पानी इकट्ठा हो गया। सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगीं और राहगीरों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गये।

लोगों का कहना है कि नगर परिषद द्वारा मानसून पूर्व नालों और नालियों की सफाई पर लाखों रुपए खर्च किये जाने के दावे किये गये थे, लेकिन पहली ही तेज बारिश में इन दावों की हकीकत सामने आ गयी। जहां-जहां नालों की सफाई अधूरी रही या जल निकासी के रास्ते अवरुद्ध थे, वहां पानी लंबे समय तक जमा रहा। इससे नगर परिषद की तैयारियों और कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गये हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में जिले में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में जल निकासी व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो आगामी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित