बारां , जुलाई 08 -- राजस्थान में बारां जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव को करीब से महसूस करने के बाद शुरू हुई एक पहल अब हजारों मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है।

अपनी माता की गंभीर बीमारी के दौरान चिकित्सा सुविधाओं की कमी का अनुभव करने वाले सीए शिखरचंद जैन और उनके पुत्र अभिनव जैन ने बारां में आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। इसी संकल्प का परिणाम है प्रिया अस्पताल जिसने मात्र आठ वर्षों में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी मजबूत पहचान बना ली है।

बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अस्पताल के उपाध्यक्ष अभिनव जैन ने अस्पताल की आठ वर्ष की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में प्रिया अस्पताल जिले का एकमात्र 200 बेड का एनएबीएच मान्यता प्राप्त अत्याधुनिक अस्पताल है।

उन्होंने बताया कि यहां कैथ लैब, यूरोलॉजी, एमआरआई, सीटी स्कैन, एमआरआई सहित आधुनिक जांच एवं उपचार सुविधाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल में कार्डियोलॉजी, यूरोलॉजी, मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, जनरल सर्जरी, शिशु रोग, रेडियोलॉजी, ईएनटी, एनेस्थीसिया, दंत चिकित्सा एवं ऑर्थोपेडिक विभाग संचालित हैं।

श्री जैन ने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान अस्पताल ने जिला प्रशासन, चिकित्सकों और स्टाफ के सहयोग से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कई मरीजों का जीवन बचाने में योगदान दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित