बारां , जुलाई 28 -- राजस्थान में बारां में राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं एवं बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए मंगलवार को मिनी सचिवालय सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला कलक्टर बाल मुकुंद असावा ने अधिकतर विभागों की प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में उदासीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को तीन दिन में प्रगति में ठोस सुधार लाने, मौके पर जाकर निरीक्षण करने और शत-प्रतिशत पात्रों को लाभान्वित करने के सख्त निर्देश दिए।

श्री असावा ने संपर्क पोर्टल पर लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जल संसाधन विभाग एवं उद्योग विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि 30 दिन से अधिक पुराना कोई मामला लंबित नहीं रहे।

उन्होंने कुसुम योजना में पिछले पांच महीनों में शून्य प्रगति पर बिजली विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई। लाड़ो प्रोत्साहन योजना में सीएमएचओ की अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए कमजोर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर विशेष ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए।

श्री असावा ने जिला शिक्षा अधिकारी को मुख्यमंत्री शिक्षा राज अभियान में जिले की कम रैंकिंग पर नाराजगी जताते हुए स्कूलों के निरीक्षण का टारगेट तीन दिन में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने राज्य सरकार की महत्वपूर्ण राजस्थान सुयोग योजना जो बारां जिले में प्रायोगिक परियोजना को भी गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित