बारां , अक्टूबर 20 -- राजस्थान में आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर बारां जिले में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

इसी कड़ी में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने बारां जिला परिषद की कुल 29 सीटों में से 23 पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। किसान नेता एवं भगत सिंह सेना प्रमुख नरेश मीणा के नेतृत्व में तीसरा मोर्चा चुनावी मैदान में उतरेगा। विजयदशमी के अवसर पर श्री मीणा ने घोषित प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आग्रह करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस पर निशाना साधा।

श्री मीणा ने कहा कि बारां की जनता भाजपा और कांग्रेस, दोनों दलों की राजनीति से ऊब चुकी है। जिले के विकास, समृद्धि और आमजन के सम्मान के लिए तीसरे विकल्प को मजबूत करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि तीसरे मोर्चे का उद्देश्य किसान, मजदूर और सर्वसमाज के अधिकारों की आवाज बुलंद करना और राजनीति को परिवारों के हितों से निकालकर आम जनता के हितों तक पहुंचाना है।

श्री मीणा ने पिछली पंचायती राज व्यवस्था का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जनता ने भाजपा को स्पष्ट बहुमत का जनादेश दिया था, लेकिन भाजपा-कांग्रेस की कथित मिलीभगत और क्रॉस वोटिंग के कारण जनादेश की भावना कमजोर हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ लोगों ने क्रॉस वोटिंग करके कांग्रेस से जुड़े राजनीतिक परिवारों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया।

उन्हाेंने इसे जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ बताते हुए कहा कि आगामी चुनावों में मतदाता अपने वोट की ताकत से इसका जवाब देंगे।

श्री मीणा ने कहा कि तीसरे मोर्चे की लड़ाई किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि किसान, मजदूर और सर्वसमाज के सम्मान, अधिकार और विकास से जुड़ी है। उन्होंने जिले की जनता से आग्रह किया कि वे घोषित प्रत्याशियों को समर्थन देकर तीसरे मोर्चे को मजबूत बनाएं, ताकि आमजन की समस्याओं और अपेक्षाओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित