बारां , सितम्बर 03 -- राजस्थान के बारां जिले में नगर निकाय चुनावों का रंग अब पूरी तरह चढ़ने लगा है।
प्रत्याशियों के मैदान में उतरने के साथ ही चुनावी मुकाबले में नये समीकरण भी सामने आने लगे हैं। नाम वापसी के बाद चुनावी रण की तस्वीर भी साफ हो गयी है।
निकाय चुनाव में इस बार किन्नर समुदाय के प्रत्याशियों की चुनावी मैदान में प्रविष्टी ने बारां नगर परिषद और अंता नगर पालिका की स्थानीय राजनीति को खासा दिलचस्प बना दिया है। किन्नर समुदाय से जुड़े प्रत्याशियों ने जिले के दोनों नगरीय निकायों में कुल तीन वार्डों से चुनावी दावेदारी पेश की है।
नामांकन के बाद अब बारां नगर परिषद से खुशबू आंटी कांग्रेस से प्रत्याशी है और अन्ता से सोनम उर्फ सोनू बतौर प्रत्याशी मतदाताओं से संपर्क करके समर्थन जुटा रहे हैं।
नगर निकाय चुनावों में आमतौर पर राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के बीच मुकाबला देखने को मिलता है, लेकिन इस बार किन्नर समुदाय के प्रत्याशियों के मैदान में आने से चुनावी चर्चा का दायरा बढ़ गया है। वार्डों में इनके जनसंपर्क को लेकर भी लोगों में उत्सुकता दिखाई दे रही है। प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात करके स्थानीय समस्याओं के समाधान और वार्ड के विकास को लेकर अपने मुद्दे सामने रख रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बारां और अंता नगर निकाय क्षेत्र के तीन वार्डों से किन्नर समुदाय के प्रत्याशियों ने चुनावी दावेदारी पेश की है। अब इन वार्डों में मुकाबला किस करवट बैठता है, यह मतदाताओं के रुझान पर निर्भर करेगा।
उधर, नामांकन प्रक्रिया पूरी होने और गुरुवार को नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। वे मतदाताओं से संवाद करके अपने पक्ष में मतदान का अनुरोध कर रहे हैं। इस दौरान वार्ड की सड़क, नाली, सफाई, पेयजल, बिजली और अन्य स्थानीय समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बनाया जा रहा है।
शहर सहित जिले भर में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर अब चुनावी गतिविधियां तेज हो गयी हैं। नगर निकाय चुनाव के मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने पूजा- अर्चना के साथ अपने चुनावी कार्यालयों का शुभारंभ भी वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा- अर्चना के साथ पूर्ण कर लिया है।
नाम वापसी की अवधि के बाद अब चुनावी मुकाबले में त्रिकोणीय या बहुकोणीय स्थिति बनने की संभावना बढ़ गयी है। ऐसे में प्रमुख राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के लिए भी इन वार्डों में जीत की राह आसान नहीं होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित