बारां , अक्टूबर 18 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान को लेकर दिए गए कथित बयान के विरोध में बारां में रविवार को जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर सर्किल पर प्रदर्शन किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए श्री राठौड़ के पुतले का दहन किया और उनसे जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के साथ पद से इस्तीफा देने की मांग की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि पाकिस्तान को लेकर दिया गया कथित बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे देशवासियों के साथ मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद सैनिकों के परिजनों की भावनाएं भी आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा, सैनिकों के शौर्य और शहीद परिवारों के सम्मान से जुड़े विषयों पर जिम्मेदार राजनीतिक पदों पर बैठे व्यक्तियों को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों और पुलवामा आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाले सैनिकों को याद करते हुए कहा कि देश अपने जवानों के त्याग और बलिदान को कभी नहीं भूल सकता। सैनिक विषम परिस्थितियों में भी देश की सीमाओं की रक्षा करके अपने प्राणों तक का बलिदान दे देते हैं।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मदन राठौड़ के खिलाफ नारेबाजी करके अपना विरोध जताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित