बारां , जून 13 -- राजस्थान में बारां में भीषण गर्मी में आमजन को सुचारू रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है।
सरकारी सूत्रों ने शनिवार को बताया कि अभियान के तहत हैंडपंप एवं नलकूप मरम्मत, पाइपलाइन लीकेज ठीक करने, अवैध कनेक्शन काटने, कम दबाव और प्रदूषित पानी की शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है।
अभियान में 30 जून तक हर शनिवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिले में 12 दलों का गठन किया गया है, प्रत्येक दल की कमान सहायक अभियंता अथवा कनिष्ठ अभियंता के पास रहेगी। त्वरित कार्रवाई के लिए 12 विशेष वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।
अभियान के पहले दिन 12 दलों ने जिले के 46 स्थानों पर कार्रवाई की जिसमें 22 खराब हैंडपंपों की मरम्मत करके चालू किया गया। छह प्रमुख स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज ठीक की गई। चार क्षेत्रों में कम दबाव की समस्या दूर करके आपूर्ति सामान्य की गई। पांच क्षेत्रों में जलापूर्ति बहाल की गई जहां पानी नहीं पहुंच रहा था। तीन जगहों पर दूषित पानी की शिकायत का तुरंत समाधान किया गया। कम आपूर्ति एवं कम समय आपूर्ति की शिकायतें दुरुस्त की गईं।
जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने सभी उपखंडों में उप जिला कलक्टर, तहसीलदार एवं विकास अधिकारी को पेयजल योजनाओं का निरीक्षण करके पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित