बारां , अक्टूबर 14 -- राजस्थान के बारां-मांगरोल सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने और परियोजना को निर्धारित समयावधि में पूरा करवाने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने सड़क निर्माण की प्रगति और कार्य में आ रही समस्याओं से अवगत कराते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता बतायी। इस पर कलेक्टर ने संबंधित राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अधिकारियों को युद्धस्तर पर कार्य करवाने के निर्देश दिये।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बारां से मांगरोल होते हुए कोटा जिले के इटावा क्षेत्र की सीमा तक बनने वाली यह सड़क क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। विश्व बैंक से वित्तपोषित इस परियोजना पर करीब 170 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लगभग 40.8 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पूरा होने से बारां, मांगरोल, अयाना, इटावा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होने के साथ आमजन और वाहन चालकों को भी राहत मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित