बारां , जुलाई 29 -- राजस्थान में बारां जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के उद्देश्य से चलाए जा रहे साप्ताहिक वृक्षारोपण अभियान के तहत बुधवार को जिला न्यायालय परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का नेतृत्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्यनारायण टेलर ने किया। न्यायिक अधिकारियों एवं न्यायालय कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे लगाकर उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया।

इस अवसर पर न्यायाधीश टेलर ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। उन्होंने वृक्षारोपण के साथ पौधों के संरक्षण पर भी विशेष जोर देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में निर्णय लिया गया कि न्यायालय परिसर में प्रत्येक बुधवार नियमित रूप से पौधारोपण किया जाएगा और लगाए गए पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और रखरखाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम में विशिष्ट न्यायाधीश रूबीना परवीन अंसारी, न्यायाधीश शिवचरण मीणा, विशिष्ट न्यायाधीश रमेश कुमार अटल, विशिष्ट न्यायाधीश लोकेश कुमार शर्मा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव हीना परिहार सहित अन्य न्यायिक अधिकारी एवं न्यायालय कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित