बारां , सितम्बर 22 -- राजस्थान में बारां नगर परिषद में उपसभापति पद के लिये मंगलवार को हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के तेजेश सुमन उपसभापति चुने गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 50 मत डाले गए जिसमें आप प्रत्याशी तेजेश सुमन को 31, कांग्रेस प्रत्याशी नवीन सोन को 19 मत मिले। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सभी नौ पार्षद और एक निर्दलीय मतदान करने नहीं पहुंचे। ऐसे में 12 मत से उपसभापति पद पर तेजेश सुमन विजयी हुए।
उधर, अंता नगर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा की विष्णु कुमारी नागर विजयी घोषित की गई। उपाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को निर्दलीय वार्ड पार्षद मोहम्मद शारिक ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। भाजपा की ओर से आपत्ति दर्ज कराए जाने के बाद उनका नामांकन स्वीकार नहीं हुआ। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी श्रीमती विष्णु कुमारी नागर निर्विरोध निर्वाचित हुई।
छाबड़ा में कांग्रेस के देवेंद्र शर्मा उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। कांग्रेस को 19, भाजपा को 13, नोटा को दो और एक मत खारिज हुआ। यहां पालिकाध्यक्ष पद पर भाजपा ने जीत हासिल की थी।
अटरू में कांग्रेस के मनोज कुमार उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। कांग्रेस को 14 और भाजपा को 11 मत मिले। वहीं मांगरोल में भाजपा के मोहम्मद अशफाक उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। अशफाक को 22 मत, जबकि कांग्रेस के अखलाक अहमद को 11 मत मिले। वहीं दो निर्दलीय पार्षदों ने मतदान नहीं किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित