बारां , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में बारां की धान मंडी में हम्मालों और मजदूरों की कमी के कारण करीब दो लाख कट्टे कृषि जिंसों का उठाव नहीं हो पा रहा है। इससे मंडी में माल का ढेर लगने और नीलामी व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए व्यापार संघ ने 26 अक्टूबर से एकांतरा नीलामी व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।
बारां व्यापार संघ के अध्यक्ष मनीष लश्करी ने शनिवार को बताया कि मंडी में कृषि जिंसों का सुचारू कारोबार बनाए रखने और माल के उठाव में तेजी लाने के उद्देश्य से धान और मक्का की नीलामी अलग-अलग दिन की जाएगी। इसके तहत एक दिन धान और अगले दिन मक्का सहित अन्य कृषि जिंसों की नीलामी होगी।
उन्होंने बताया कि धान मंडी में किसानों की ट्रॉलियों काे रविवार रात 10 बजे के बाद प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित समय से पहले अपनी उपज लेकर मंडी नहीं पहुंचें। साथ ही, किसान उसी दिन अपनी कृषि जिंस लेकर आएं, जिस दिन उसकी नीलामी निर्धारित है, ताकि मंडी में अनावश्यक भीड़ और माल के जमाव से बचा जा सके और नीलामी और उठाव की व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित