बारां , मार्च 23 -- राजस्थान में बारां जिले की प्रसिद्ध धान मंडी में गेहूं की बंपर आवक हो रही है।

जबरदस्त आवक को देखते हुए मंडी प्रशासन एवं व्यापार संघ ने नीलामी व्यवस्था में बदलाव किया है। व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष लश्करी ने सोमवार को बताया कि मंडी में बढ़ती आवक के कारण व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के लिए गेहूं की एकत्रा नीलामी करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पूर्व में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के साथ बैठक करके आगामी सीजन में मंडी क्षेत्र में जाम की स्थिति से बचने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत किसानों की ट्रॉलियों का प्रवेश वैकल्पिक मार्ग मेलखेड़ी रोड से कराया जाएगा, जबकि मुख्य द्वार से वाहनों की निकासी होगी।

व्यापार संघ के अनुसार 24 मार्च से धान मंडी में नीलामी का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा। मंगलवार को सभी कृषि जिंसों की नीलामी होगी। 25 मार्च, बुधवार को गेहूं को छोड़कर अन्य सभी कृषि जिंसों की नीलामी होगी। गेहूं की नीलामी बंद रहेगी। 26 मार्च, गुरुवार गेहूं सहित सभी कृषि जिंसों की नीलामी होगी।

वहीं, 27 मार्च, शुक्रवार रामनवमी के उपलक्ष्य में कृषि जिंसों की नीलामी बंद रहेगी। 28 मार्च, शनिवार गेहूं सहित सभी कृषि जिंसों की नीलामी होगी।

उन्होंने बताया कि धान मंडी में किसानों की ट्रॉलियों का प्रवेश रात्रि 10 बजे से सुबह 9 बजे तक दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित