बारां , मई 20 -- राजस्थान में ऑनलाइन दवा आपूर्ति एवं अनियंत्रित ई-फार्मेसी (एआईओसीडी), संचालन के विरोध में राजस्थान केमिस्ट एलायंस के संयुक्त आह्वान पर बुधवार को आयोजित मेडिकल बंद बारां जिले में पूर्णतः सफल रहा।
जिले के प्रत्येक गांव, कस्बे एवं शहर के दवा व्यापारियों ने बंद को पूर्ण समर्थन देते हुए अपने मेडिकल स्टोर बंद रखे। जिलेभर के दवा व्यापारियों ने एकजुट होकर इस आंदोलन में शिरकत की।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि अनियंत्रित ई-फार्मेसी संचालन, बिना उचित चिकित्सकीय सत्यापन के ऑनलाइन दवा बिक्री एवं बड़े व्यावसायिक मंंचों की अनुचित व्यापारिक नीतियों के विरोध में यह आंदोलन किया गया।
आज जिले के दवा व्यापारी राजकीय चिकित्सालय के सामने एकत्रित हुए और जिलाध्यक्ष रवि टक्कर की अगुवाई में अतिरिक्त जिला कलेक्टर को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में ऑनलाइन दवा बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण लगाने, छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा करने एवं जनस्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित