बारां , अक्टूबर 27 -- राजस्थान के बारां में पंचायतीराज चुनाव के तहत नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बारां जिले में चुनावी तस्वीर साफ हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला परिषद के 29 वार्डों में अब 95 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि जिले की छह पंचायत समितियों में 299 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा।

उधर, जिले के शाहाबाद क्षेत्र में वार्ड संख्या आठ से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी सीताराम सहरिया निर्विरोध निर्वाचित हो गए। इससे कांग्रेस को चुनाव प्रक्रिया के दौरान ही एक सीट पर सफलता मिल गई।

जिला परिषद सदस्य पद के लिए सोमवार को चार निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए थे, जिससे अब चुनावी रण की तस्वीर स्पष्ट हो गई है। कही आमने सामने का मुकाबला है, तो कई जगह कांग्रेस, भाजपा तीसरे मोर्चे के बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रत्याशियों के बीच त्रिकोणात्मक संघर्ष बन गए हैं। चुनाव चिह्न आवंटित किए जाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रचार अभियान में तेजी आ गई है। प्रत्याशी अब मतदाताओं की चौखट पर पहुंचकर मत एवं समर्थन की गुहार लगाने लगे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित