बारां , जुलाई 05 -- राजस्थान में बारां के कलेक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देशानुसार रविवार को जिले के सभी प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष सफाई अभियान आयोजित किया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अभियान के तहत जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सबसेंटर और अन्य चिकित्सा संस्थानों में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किया गया। अभियान का उद्देश्य अस्पतालों में स्वच्छ, सुरक्षित एवं संक्रमण-मुक्त वातावरण सुनिश्चित करना और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जगदीश प्रसाद कुशवाह ने बताया कि पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न दाे बजे तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसमें चिकित्सा विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, वार्ड बॉय, सफाई कर्मचारियों और अन्य कार्मिकों ने सक्रिय भागीदारी निभायी।
अभियान के दौरान अस्पतालों के वार्ड, ओपीडी, टॉयलेट, प्रयोगशालाएं, परिसर, प्रतीक्षालय, स्टोर कक्ष और आसपास के क्षेत्रों की गहन सफायी की गयी। साथ ही उपकरणों, बेड, टेबल, कुर्सियों को व्यवस्थित करके जाले हटाने, कचरा निस्तारण एवं अनुपयोगी सामग्री को चिह्नित करके हटाने की कार्रवाई भी की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित