बारां , सितम्बर 01 -- राजस्थान में बारां जिले के अटरू निकाय चुनाव में अब सियासी मुकाबला दिलचस्प होता दिखाई दे रहा है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वार्ड नंबर पांच से राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के भाई कृष्णमुरारी दिलावर को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। उनके चुनावी रण में उतरने के साथ ही अटरू की राजनीति में चर्चा तेज हो गयी है।
निकाय चुनाव के लिए प्रत्याशियों की तस्वीर साफ होने के बाद अटरू में चुनावी सरगर्मियां बढ़ गयी हैं। भाजपा प्रत्याशी कृष्ण मुरारी दिलावर के मैदान में आने से उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। वार्ड नंबर पांच का चुनाव अब स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ राजनीतिक प्रभाव और प्रतिष्ठा से भी जुड़ा हुआ माना जा रहा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशी के समर्थन में सक्रियता बढ़ा दी है। जनसंपर्क, बैठकों और कार्यकर्ताओं की लामबंदी का दौर शुरू हो गया है। दूसरी ओर, मुकाबले में उतरे अन्य प्रत्याशी भी मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुट गये हैं।
अटरू में निकाय चुनाव को लेकर फिलहाल चुनावी रंग पूरी तरह परवान पर है। प्रत्याशी मैदान में उतर चुके हैं और समर्थक सक्रिय हो गये हैं। ऐसे में वार्ड नंबर पांच में कृष्ण मुरारी दिलावर की उम्मीदवारी ने मुकाबले को खासा रोचक बना दिया है। अब चुनावी नतीजे यह तय करेंगे कि श्री दिलावर का नाम' मतदाताओं के बीच कितना असर छोड़ता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित