बारां , मई 26 -- राजस्थान में 'वंदे गंगा' जल संरक्षण जन अभियान-2026 के तहत मंगलवार को बारां जिले की समस्त 231 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ग्राम सभाओं में उपस्थित ग्रामवासियों को एक जुलाई-2026 से लागू होने वाली 'विकसित भारत-ग्राम जी योजना' के तहत कराए जाने वाले 318 कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जिले में नवीन जल संरक्षण कार्यों का भूमि पूजन करके शिलान्यास किया गया एवं कार्य प्रारंभ कराए गए। प्राचीन बावड़ियों की साफ-सफाई का कार्य भी कराया गया।
समस्त नरेगा कार्यस्थलों पर श्रमिकों को 'वंदे गंगा' अभियान के तहत जल संरक्षण की शपथ दिलाकर संकल्प दिलवाया गया।
'कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान' के तहत पूर्ण हो चुके कार्यों का जनप्रतिनिधियों एवं आमजन को अवलोकन कराकर उनकी उपयोगिता बताई गई और नवीन कार्यों के लियेे कार्यस्थलों का चयन किया गया।
'हरियालो राजस्थान' के तहत मानसून-2026 में पौधारोपण की अग्रिम तैयारी के लिए ग्राम पंचायतों में खुदवाए जा रहे गड्ढों एवं पंचायत पौधशालाओं में तैयार पौधों का अवलोकन किया गया। विशेष ग्राम सभाओं में 'ग्राम-ग्लोबल राजस्थान एग्रोटेक मीट' 2026 और 'ग्रामोत्थान शिविरों एवं ग्राम रथ यात्रा' की प्रगति के बारे में भी ग्रामवासियों को अवगत कराया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित