बारां , मार्च 13 -- राजस्थान के बारां में जिला कांग्रेस समिति ने शुक्रवार को प्रदर्शन करके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला जलाया।
इससे पहले जिला कांग्रेस कार्यालय श्रीजी चौक से कांग्रेसजन नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप चौमुखा, सर्राफा, सदर बाजार और धर्मादा चौराहा होते हुए प्रताप चौक पहुंचे। जहां केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंका गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केन्द्र सरकार की गलत विदेश नीति के कारण देश में ईंधन संकट उत्पन्न हो गया है। सरकार ने इस संकट का समाधान निकालने की बजाय आमजन पर महंगाई का बोझ डालते हुए घरेलू रसोई गैस के दामों में 60 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि कर दी है। पहले से ही महंगाई से त्रस्त जनता के लिए यह निर्णय अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और जनविरोधी है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में शादी- विवाह एवं विभिन्न सामाजिक समारोहों का दौर चल रहा है, लेकिन केन्द्र सरकार ने ऐसे समय में समारोहों के आयोजन के लिए आवश्यक व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को भी बाधित कर दिया है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार का यह निर्णय सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों को प्रभावित करने वाला और आमजन के लिए घातक साबित हो रहा है।
जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि खाड़ी देशों में असंख्य भारतीय नागरिक फंसे हुए हैं, लेकिन केन्द्र सरकार उनकी सुरक्षित वतन वापसी के लिए कोई ठोस और प्रभावी प्रयास नहीं कर रही है। इससे स्पष्ट है कि केन्द्र सरकार विदेश नीति के मोर्चे पर पूरी तरह असफल रही है।
इस विरोध प्रदर्शन में किशनगंज विधायक निर्मला सहरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष रामचरण मीणा, प्रदेश कांग्रेस समिति (पीसीसी) सचिव धर्मराज मेहरा, पीसीसी सदस्य चन्द्रप्रकाश मीणा, कैलाश जैन समेत नगर, ब्लॉक अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित