बारां , जुलाई 24 -- राजस्थान में बारां जिले की खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में शुक्रवार को श्रीराम स्टेडियम एवं खेल संकुल में 251 लाख 89 हजार रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।

जिला परिषद सभागार में आयोजित समारोह में सांसद दुष्यंत सिंह ने नयी दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से विकास कार्यों का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि इन विकास कार्यों से जिले की खेल प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सुविधायुक्त खेल मैदान तैयार होने से बारां के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनायेंगे ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक राधेश्याम बैरवा ने की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल एवं खिलाड़ियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए जिले में लगातार विकास कार्य करवा रही है।

समारोह में विधायक ललित मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

जिला फुटबॉल संघ के जिलाध्यक्ष भीम चौधरी और प्रवक्ता सुनील शर्मा ने बताया कि समारोह के दौरान विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के 300 से अधिक खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा खेल गतिविधियों में सहयोग देने वाले भामाशाहों और पत्रकारों का भी सम्मान किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित